झांसी बबीना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होली भारतीय संस्कृति का प्रमुख उत्सव है, जो समाज में प्रेम, एकता और समरसता का संदेश देता है। इस अवसर पर सभी नागरिकों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाकर त्योहार की खुशियां बांटनी चाहिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विधायक ने अपने संदेश में कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अमर्यादित व्यवहार से बचें। रंगों के इस पर्व को मर्यादा और जिम्मेदारी के साथ मनाना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जबरदस्ती, अभद्रता या विवाद की स्थिति त्योहार की भावना को आहत करती है। इसलिए सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, लेकिन नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें।
अंत में विधायक ने क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
