जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने और पुलिसिंग को प्रभावी करने के लिए एसएसपी विकास कुमार ने थाना सकरार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण में उन्होंने थाना परिसर से लेकर हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, बैरक और मेस तक की व्यवस्थाएं परखीं। साथ ही थाने के अभिलेखों की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एसएसपी ने महिला शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और थाने पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और माफियाओं पर सतत निगरानी रखने के साथ रात्रि गश्त तेज करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान माल-मुकदमाती के निस्तारण, सरकारी असलहों और कारतूसों के रखरखाव तथा थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयबद्धता और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने को कहा।
