झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को गीता बाई कहार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री दीपमाला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। दीपमाला की पहली शादी सुरेश कहार से हुई थी, जिनकी 14 जनवरी 2026 को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद दीपमाला लालाराम आदिवासी के साथ रहने लगी थी।
जांच में सामने आया कि 14 अक्टूबर को लालाराम अपनी पत्नी के साथ ईंट लेकर जा रहा था। इसी दौरान शराब पीने के लिए पैसे मांगने और विवाद होने पर उसने हंसिया से दीपमाला के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए शव को छत से गिरने की बात बताने की कोशिश की और हंसिया को झाड़ियों में छिपा दिया।
मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार और पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह के निर्देशन में टीमें गठित कीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी लालाराम आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बबीना थाना क्षेत्र के नया खेड़ा-बड़ेरा का निवासी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
