अरविंद वशिष्ठ ने सरकार पर साधा निशाना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झांसी। बीडा क्षेत्र में सरकार द्वारा अधिग्रहित किसानों की भूमि का मुआवजा अब तक नहीं मिलने से किसानों में भारी नाराजगी है। लंबित भुगतान के विरोध में आयोजित किसान सभा में बड़ी संख्या में प्रभावित किसानों ने हिस्सा लिया और शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी नेता अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि सरकार ने किसानों की पुश्तैनी जमीन तो अधिग्रहित कर ली, लेकिन आज तक उन्हें उनका वैधानिक मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान अपने ही हक के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, जो सरकार और प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है। अरविन्द वशिष्ठ ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को जल्द ही ब्याज सहित पूरा मुआवजा नहीं दिया गया तो प्रभावित किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। उन्होंने प्रशासन से सभी लंबित भुगतान तत्काल जारी कर प्रत्येक प्रभावित किसान को न्याय दिलाने की मांग की। जिलाध्यक्ष व्यापार सभा सत्येंद्र पुरी ने कहा कि किसानों की जमीन अधिग्रहित करने के बाद समय पर भुगतान न करना उनके साथ घोर अन्याय है। सरकार को नियमानुसार सभी किसानों को पूरा मुआवजा और देय लाभ तत्काल उपलब्ध कराने चाहिए। सभा में मौजूद किसानों ने भी एकजुट होकर जल्द भुगतान की मांग की और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हैदर अली, अभिषेक दीक्षित, मनीष कश्यप, अमित चक्रवर्ती, यशवीर पिपरिया, कृष्णा वर्मा, सौरभ राय, आशीष वाजपेयी, आर.के. अमरया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
